Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। रविवार को महिला 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति और पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग में जादूमणि सिंह ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। जादूमणि ने पाकिस्तान के रहमान को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया, जबकि प्रीति ने मलावी की डेबरा मिटेंजे के खिलाफ रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट (RSC) से जीत दर्ज की।

इन दोनों जीतों से भारत की मुक्केबाजी टीम की पदक उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं।

Commonwealth Games 2026: प्रीति ने RSC से दर्ज की प्रभावशाली जीत

महिला 54 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में प्रीति शुरुआत से ही पूरी तरह हावी रहीं। पहले राउंड में सभी पांच जजों ने उन्हें विजेता माना। उन्होंने लगातार सटीक पंच लगाए, जिससे मलावी की डेबरा मिटेंजे दबाव में आ गईं।

दूसरे राउंड में मुकाबले के 2 मिनट 13 सेकंड पर रेफरी ने मुकाबला रोक दिया और प्रीति को रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट (RSC) के आधार पर विजेता घोषित किया। मुकाबला रुकने से पहले मिटेंजे दो बार नॉकडाउन भी हुईं।

अब निकोल क्लाइड से होगी टक्कर

इस जीत के साथ प्रीति ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब 28 जुलाई को उनका मुकाबला नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड से होगा।

निकोल क्लाइड ने भी अपने राउंड ऑफ 16 मुकाबले में घाना की बामफो को 5-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई है। ऐसे में दोनों के बीच होने वाला मुकाबला सेमीफाइनल का टिकट तय करेगा।

जादूमणि सिंह ने पाकिस्तान के रहमान को 5-0 से हराया

पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग में भारत के जादूमणि सिंह ने पाकिस्तान के रहमान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सर्वसम्मत फैसले से मुकाबला 5-0 से अपने नाम किया।

जादूमणि ने पहले राउंड में बढ़त बनाई और दूसरे राउंड में सभी जजों ने उन्हें पूरे अंक दिए। इससे पहले राउंड ऑफ 32 में भी उन्होंने स्कॉटलैंड के एरॉन कुलेन को 5-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई थी।

भारत की झोली में आए दो और पदक

रविवार को भारत को मुक्केबाजी के अलावा अन्य खेलों में भी सफलता मिली। स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने महिला 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल की हैट्रिक पूरी की। उन्होंने कुल 190 किलोग्राम (85 किग्रा स्नैच और 105 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाया।

वहीं, पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग में ऋषिकांत सिंह चनंबम ने कुल 264 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 121 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम वजन उठाया।