चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने शहीद भगत सिंह के मुकदमे से जुड़ी फिल्मों, ऑडियो-वीडियो टेप और अन्य अभिलेखीय दस्तावेजों को प्राप्त करने के लिए ब्रिटेन से सहयोग मांगा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 9 जनवरी को ब्रिटेन के उप उच्चायुक्त अल्बा स्मेरिग्लियो को इस संबंध में पत्र लिखा है।
पत्र में मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि शहीद भगत सिंह, शहीद सुखदेव थापर और शहीद शिवराम हरि राजगुरु के मुकदमे की कार्यवाही से जुड़े मूल ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज वर्तमान में स्कॉटलैंड में संबंधित अधिकारियों के पास मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, ये सामग्री उस दौर के ऐतिहासिक कानूनी अभिलेखों को संजोने वाले किसी संग्रहालय या संस्थान में सुरक्षित रखी गई है।
पंजाब सरकार का कहना है कि ये अभिलेख न केवल पंजाब के लोगों के लिए, बल्कि इतिहास और मानवाधिकारों पर शोध करने वाले वैश्विक विद्वानों के लिए भी गहरे ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व रखते हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र में आग्रह किया कि इन सामग्रियों की प्रतियां पंजाब सरकार को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनका शैक्षणिक अध्ययन, डिजिटल संरक्षण और खटकर कलां स्थित ‘शहीद भगत सिंह हेरिटेज कॉम्प्लेक्स’ में सार्वजनिक प्रदर्शन किया जा सके।
आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने सामग्री साझा करने की अपील के पीछे “न्याय, त्याग और मानव गरिमा” जैसे सार्वभौमिक मूल्यों का भी उल्लेख किया। उल्लेखनीय है कि 23 वर्षीय भगत सिंह को 23 मार्च 1931 को सुखदेव और राजगुरु के साथ ब्रिटिश पुलिस अधिकारी जॉन सॉन्डर्स की हत्या के मामले में फांसी दी गई थी। यह मामला इतिहास में ‘लाहौर षड्यंत्र केस’ के नाम से जाना जाता है।