IMD Rain Alert : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार रात कई राज्यों के लिए तात्कालिक नाउकास्ट मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 घंटे के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं। सबसे अधिक खतरे को देखते हुए ओडिशा और गुजरात के कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट, जबकि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी ने लोगों से मौसम को लेकर सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
IMD Rain Alert: किन जिलों में जारी हुआ रेड अलर्ट?
मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा के अनुगुल, भद्रक, देवगढ़, ढेंकानाल, केंद्रपाड़ा और संबलपुर जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक बारिश होने का अनुमान है।
वहीं गुजरात के बनासकांठा, कच्छ, महेसाणा, पाटन और साबरकांठा जिलों के लिए भी रेड वार्निंग जारी की गई है।
इन राज्यों के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के अमेठी, बांदा, बाराबंकी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, भदोही, सीतापुर और उन्नाव में तेज बारिश, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
इसके अलावा महाराष्ट्र (नासिक, पालघर, पुणे, रायगढ़, सतारा, ठाणे), मध्य प्रदेश (डिंडोरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी, उमरिया), छत्तीसगढ़ (बलरामपुर, महासमुंद, रायगढ़), तेलंगाना (मेदक, राजन्ना सिरसिला), हिमाचल प्रदेश (बिलासपुर, शिमला, सोलन) और गुजरात व ओडिशा के कई अन्य जिलों के लिए भी ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को क्या सलाह दी?
आईएमडी ने प्रभावित इलाकों के लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े न हों।
यात्रा पर निकलने से पहले सड़क और मौसम की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
नाउकास्ट चेतावनी क्यों होती है अहम?
नाउकास्ट चेतावनी कम अवधि के मौसम पूर्वानुमान पर आधारित होती है। इसका उद्देश्य अगले कुछ घंटों के भीतर होने वाली तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने या अन्य मौसम संबंधी घटनाओं की समय रहते जानकारी देना होता है, ताकि लोग आवश्यक सावधानी बरत सकें।